Saraikela: उपायुक्त के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में उत्पाद विभाग ने नीमडीह थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 3 अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया. साथ ही करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ जब्त कर नष्ट किया गया.
नीमडीह के बेड़ेदा-केंदडीह में रेड
गुप्त सूचना के आधार पर 16 जून को उत्पाद विभाग की टीम ने नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेड़ेदा और केंदडीह में विशेष छापामारी अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान जंगल और सुनसान इलाकों में छिपाकर चलाई जा रही कुल 3 अवैध चुलाई भट्टियों का पता चला. टीम ने मौके पर सभी भट्टियों को विधिसम्मत तरीके से तोड़कर ध्वस्त कर दिया. भट्टियों के पास से लगभग 500 किलोग्राम कच्चा महुआ बरामद हुआ, जिसे झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत जब्त कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया. उत्पाद विभाग के अनुसार अवैध चुलाई अड्डों के संचालकों और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है. सभी के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी
उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी सघन छापेमारी होगी और किसी भी तरह की संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब निर्माण/बिक्री की सूचना तुरंत उत्पाद विभाग या नजदीकी थाना को दें. सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा.
AlsoRead:प्रकाश राम की ‘तबीयत’ में फंसा राज्यसभा का गणित, अस्पताल से मिल चुकी है छुट्टी,कयासों का बाजार गर्म



