Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में बढ़ती तपिश और हीटवेव को देखते हुए मारवाड़ी युवा मंच, सरायकेला शाखा द्वारा जनसेवा की एक अनूठी पहल की गई है. राहगीरों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए श्री रानी सती दादी मंदिर परिसर में मंच द्वारा ‘अमृत धारा’ प्याऊ की व्यवस्था की गई है. इसका उद्घाटन बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने फीता काटकर किया.
रोजाना सैकड़ों को मिलेगा शीतल जल
इस सेवा का मुख्य उद्देश्य गर्मी के इस चुनौतीपूर्ण मौसम में आम जनमानस, राहगीरों और मजदूरों को स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है. मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों के अनुसार, इस प्याऊ से प्रतिदिन सैकड़ों लोग लाभान्वित होंगे. सरायकेला जिला मुख्यालय होने के कारण यहां दूर-दराज से लोग अपने कार्यों के लिए आते हैं, जिन्हें इस व्यवस्था से काफी सुविधा होगी.
SDO ने की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कहा, कि इस वर्ष कम वर्षा के कारण हीटवेव का प्रभाव बहुत अधिक बढ़ गया है. ऐसे समय में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी और मारवाड़ी युवा मंच ने मिलकर बहुत ही कम समय में यह सराहनीय कार्य किया है. यह पहल समाज के लिए एक मिसाल है. उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों से भी आगे आकर जनसेवा में सहयोग करने की अपील की.
सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित रहेगी ‘अमृत धारा’
मंच के अध्यक्ष ने बताया कि ‘अमृत धारा’ पूरे गर्मी के मौसम में सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित रहेगी. यहां RO का ठंडा पानी, गुड़ और नींबू पानी की भी व्यवस्था रहेगी. प्याऊ के संचालन के लिए मंच के सदस्य बारी-बारी से सेवा देंगे.
इस उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष, युवा मंच के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे. सभी ने इस पहल की सराहना की और कहा कि भीषण गर्मी में यह प्याऊ राहगीरों के लिए ‘अमृत’ के समान साबित होगी. मारवाड़ी युवा मंच ने आगे बस स्टैंड और कोर्ट परिसर में भी प्याऊ शुरू करने की योजना बनाई है.
यह भी पढ़ें: लातेहार: मुख्यधारा में लौटे पूर्व नक्सलियों के पुनर्वास पर जोर, एसपी ने सुनीं समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा
