सरायकेला: भीषण गर्मी-लू का कहर, सदर अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भीड़, रोज 3-4 हीटस्ट्रोक केस

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं (लू) ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त...

Saraikela Sadar Hospital
सदर अस्पताल में उमड़ी भीड़
Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं (लू) ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. इसका सबसे ज्यादा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, जिसके कारण सदर अस्पताल सरायकेला में बुधवार को मरीजों की संख्या में अचानक भारी भीड़ देखी गई.

बुखार, डिहाइड्रेशन के मरीज बढ़े

अस्पताल में भर्ती होने वाले अधिकांश मरीज तेज बुखार, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और अत्यधिक कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं. चिलचिलाती धूप में बाहर निकलने वाले लोग लू की चपेट में आ रहे हैं. अस्पताल के ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं.

बुजुर्ग, बच्चे और मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित

सदर अस्पताल के प्रबंधक संजीत राय ने स्थिति की गंभीरता पर जानकारी देते हुए बताया, कि गर्मी बढ़ने के साथ ही मरीजों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा, प्रत्येक दिन अस्पताल में कम से कम तीन-चार लू (Heatstroke) के मरीजों को एडमिट किया जा रहा है. बुजुर्ग, बच्चे और मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं.

अलर्ट मोड पर PHC और CHC

वहीं, बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है. अस्पताल में ओआरएस, आईवी फ्लूइड और जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है. सभी PHC और CHC को अलर्ट मोड पर रखा गया है.

चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है, कि ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, हल्के सूती कपड़े पहनें, खाली पेट घर से न निकलें और धूप में निकलते समय सिर ढककर रखें. लू लगने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें या 108 एंबुलेंस को कॉल करें.

सदर अस्पताल में हीटवेव के मरीजों के लिए अलग से 10 बेड का वार्ड तैयार किया गया है. कूलर, पंखे और आइस पैक की व्यवस्था की गई है. जिले में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है.

यह भी पढ़ें: सरायकेला: भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत, मारवाड़ी युवा मंच ने शुरू की ‘अमृत धारा’, SDO ने किया उद्घाटन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *