सरायकेला: ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत

Saraikela: दक्षिण पूर्व रेलवे अंतर्गत सिनी और कोलेबिरा के समीप ट्रेन से गिरकर दो लोगों की मौत हो गई है. मृतकों की...

Saraikela: दक्षिण पूर्व रेलवे अंतर्गत सिनी और कोलेबिरा के समीप ट्रेन से गिरकर दो लोगों की मौत हो गई है. मृतकों की पहचान देवघर जिले के जसीडीह निवासी सोनू कुमार (27 वर्ष) और सिनी के कमलपुर निवासी परवेज (48 वर्ष) के रूप में हुई है.

कोलेबिरा के पास हुई घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सोनू कुमार अहमदाबाद (गुजरात) में काम करता था और घर लौटने के लिए जमशेदपुर होते हुए ट्रेन से आ रहा था. जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल की सुबह वह जसीडीह जाने वाली ट्रेन से घर लौटने वाला था, लेकिन कोलेबिरा के पास वह ट्रेन से गिर गया.

जब वह घर नहीं पहुंचा तो जमशेदपुर के परसुडीह में रहने वाले उसके जीजा ने उसकी तलाश शुरू की. मोबाइल का आखिरी लोकेशन कोलेबिरा के आसपास मिलने पर परिजन वहां पहुंचे, जहां रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है. पॉकेट से मिले पहचान पत्र के आधार पर परिजनों को सूचना दे दी गई है.

Also Read: हजारीबाग: युवक और युवती का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

ट्रैक पार करते समय हादसा, अधेड़ की मौत

दूसरी घटना सिनी स्टेशन के सामने हुई, जहां कमलपुर निवासी परवेज (48 वर्ष) की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. बताया जा रहा है कि परवेज रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *