Entertainment Desk: कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल होने के बावजूद विवादों में घिर जाती हैं. करीब 20 साल पहले भी ऐसा ही देखने को मिला था, जब शाह रुख खान की एक फिल्म रिलीज हुई. फिल्म ने अच्छी कमाई की, लेकिन इसकी कहानी को लेकर काफी आलोचना और ट्रोलिंग भी हुई. अब 20 साल बाद शाह रुख खान की उसी फिल्म पर वेब सीरीज बनने की तैयारी है, जिसे करण जौहर लेकर आ रहे हैं. ओटीटी पर बढ़ती मांग के चलते इस कहानी को अब सीरीज के रूप में पेश किया जाएगा, जिससे इसे नए अंदाज में दर्शकों के सामने लाया जा सके.

करण जौहर ने हालिया इंटरव्यू में खुलासा किया है कि वह अपनी ही निर्देशित फिल्म पर वेब सीरीज बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं. यह फिल्म है ‘कभी अलविदा ना कहना’. 2006 में रिलीज हुई इस फिल्म में शाह रुख खान, रानी मुखर्जी, प्रीति जिंटा, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और किरण खेर जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे.
‘कभी अलविदा ना कहना’ की स्क्रिप्ट पर चल रहा काम
एक हालिया इंटरव्यू में करण जौहर ने बताया कि वह अपनी फिल्म ‘कभी अलविदा ना कहना’ पर वेब सीरीज बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘हम इस फिल्म को लंबे फॉर्मेट की वेब सीरीज के रूप में तैयार कर रहे हैं.’
क्यों फिल्म पर हुआ था विवाद?
फिल्म ‘कभी अलविदा ना कहना’ की कहानी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस वजह से रिलीज के समय इसे लेकर काफी आलोचना हुई थी. कई लोगों ने आरोप लगाया था कि फिल्म में बेवफाई को बढ़ावा दिया गया है.

करण जौहर ने एक इंटरव्यू में बताया कि 2006 में फिल्म आने के बाद उन्हें मिली-जुली और कई नकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिली थीं. कुछ लोगों ने तो उनसे यह तक पूछा था कि क्या वह ठीक हैं. इस पर उन्होंने कहा था कि वह किसी चीज का महिमामंडन नहीं कर रहे, बल्कि समाज में मौजूद एक सच्चाई को कहानी के रूप में दिखा रहे हैं.
‘कभी अलविदा ना कहना’ पर बनने वाली सीरीज किस ओटीटी पर आएगी?
करण जौहर ने बताया कि इस वेब सीरीज के ओटीटी प्लेटफॉर्म को लेकर फिलहाल खुलासा नहीं किया जा सकता, लेकिन जल्द ही इसकी ऑफिशियल घोषणा की जाएगी.
Also Read: बॉक्स ऑफिस पर ढीली पड़ी ‘डकैत’, तीसरे शनिवार को मामूली उछाल
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस सीरीज में किन नए और पुराने सितारों को मौका मिलता है और कहानी को किस नए अंदाज में पेश किया जाता है.
