Simdega : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को सदर अस्पताल सिमडेगा परिसर से जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई. सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया. रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और लोगों को छोटे परिवार, स्वस्थ परिवार तथा जनसंख्या संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया. इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, ANM, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य कर्मी बड़ी संख्या में शामिल रहे.
वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य
रैली को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या का प्रभाव प्राकृतिक संसाधनों, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और पर्यावरण पर पड़ता है. इसलिए परिवार नियोजन को अपनाकर जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण करना समय की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिले में एक माह तक परिवार नियोजन एवं जनसंख्या नियंत्रण से संबंधित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे. इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के साधनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार अभिभावक बनने के प्रति जागरूक किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है. जागरूकता और जनसहयोग से ही जनसंख्या संतुलन कायम रखा जा सकता है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सके.



