Simdega: कुरडेग प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में गुरुवार को अंचल अधिकारी किरण डांग के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी नैमन कुजूर, केरसई प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्ञानमनी एक्का सहित विभिन्न प्रखंडों के अंचल अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे. समारोह के दौरान किरण डांग को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया.
पदाधिकारियों ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
प्रखंड विकास पदाधिकारी नैमन कुजूर ने कहा कि सरकारी सेवा का एक निश्चित समय होता है और सेवानिवृत्ति उसी का हिस्सा है, लेकिन सेवा काल में किए गए कार्य हमेशा याद रहते हैं. उन्होंने किरण डांग के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं.
वहीं, केरसई प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्ञानमनी एक्का ने कहा कि किरण डांग सरल और मृदुभाषी स्वभाव के अधिकारी रहे हैं. उन्होंने अपने लंबे सेवा काल में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन किया. समारोह में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान प्रखंड एवं अंचल के कर्मी भी मौजूद रहे.
