Simdega: मुहर्रम एवं रथयात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने बैठक की. पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभाकक्ष में सोमवार को जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग हुई जिसमें जिले के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान एसपी ने सभी थानों के लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में जितनी बेहतर जांच होगी, केस डायरी उतनी ही मजबूत बनेगी और अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने में मदद मिलेगी. इसके अलावा अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों पर अंकुश तथा एलआरपी अभियान को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
यह भी पढ़ें: मां की बीमारी का बहाना बनाकर 3500 रुपये ट्रांसफर कराए, भाग रही युवती को लोगों ने दबोचा

मुहर्रम और रथयात्रा को लेकर विशेष चर्चा
मुहर्रम जुलूस एवं रथयात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष चर्चा करते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान सड़कों पर अधिक भीड़ रहने की संभावना है, इसलिए पुलिस बल पूरी तरह रहे. सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी ताकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके. जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए विशेष ट्रैफिक टीम का गठन किया गया है. यह टीम प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर तैनात रहकर यातायात संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी. एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का निर्देश दिया.

यह भी पढ़ें: News Wave Special : संसद में हाजिरी के मामले में झारखंड के 4 सांसद बने बाहुबली, दुमका-सिंहभूम के सांसद रहे पीछे


