Simdega: रक्षाबंधन पर्व को लेकर भारतीय डाक विभाग ने इस वर्ष भी विशेष पहल की है. बहनों की राखी सुरक्षित और समय पर देश के किसी भी कोने में रहने वाले भाइयों तक पहुंचे, इसके लिए सिमडेगा प्रधान डाकघर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. साथ ही राखी भेजने के लिए विशेष वाटरप्रूफ लिफाफा उपलब्ध कराया गया है, जिसकी कीमत मात्र ₹10 रखी गई है.
लिफाफे पर की गई है आकर्षक राखी की प्रिंटिंग
इस विशेष लिफाफे पर आकर्षक राखी की प्रिंटिंग की गई है तथा इसे इस तरह तैयार किया गया है, कि बारिश या नमी का असर राखी पर न पड़े और वह पूरी तरह सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचे. डाकघर में इस सुविधा का लाभ लेने के लिए लोगों की आवाजाही भी शुरू हो गई है. सिमडेगा प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर विजय चौधरी ने बताया, कि डाक विभाग की यह पहल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है. उन्होंने कहा कि विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे के माध्यम से राखी को भारत के किसी भी राज्य या शहर में आसानी से भेजा जा सकता है.
₹55 से ₹65 तक डाक शुल्क निर्धारित
इसके लिए गंतव्य के अनुसार ₹55 से ₹65 तक डाक शुल्क निर्धारित किया गया है. उन्होंने लोगों से अपील की, कि रक्षाबंधन के अवसर पर समय रहते अपनी राखियां डाकघर के माध्यम से भेजें, ताकि वे सुरक्षित और समय पर अपने भाइयों की कलाई तक पहुंच सकें.
यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर: केरा में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र
