Palamu: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के मलवरिया गांव के समीप देर रात छह लुटेरों ने एक युवक के साथ लूटपाट की. दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए बदमाशों ने पहले युवक का पीछा किया और फिर उसकी बाइक को ओवरटेक कर रुकवा लिया. इसके बाद बदमाशों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की और उसकी बाइक व मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए.

स्टेशन से लौटते समय वारदात को दिया अंजाम
इस मामले को लेकर पीड़ित युवक ने रविवार दोपहर खुद हुसैनाबाद थाने में जाकर मामला दर्ज कराया है. थाने पहुंचे काजी बिगहा गांव निवासी पीड़ित शशिकांत कुमार ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपने चाचा अजय पासवान को जपला रेलवे स्टेशन छोड़कर वापस अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान मलवरिया गांव के पास दो बाइक पर सवार छह अज्ञात युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया.
आगे जाकर सुनसान जगह पर बदमाशों ने उनकी बाइक को जबरन रुकवाया और मारपीट करने लगे. इसके बाद बदमाश उनकी मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH03AN-7053) और मोबाइल फोन छीनकर रफूचक्कर हो गए.
ALSO READ: पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो का चियांकी में हुआ भव्य स्वागत, संगठन मजबूती पर हुई चर्चा
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
पीड़ित द्वारा थाने में दी गई पूरी जानकारी और लिखित आवेदन के आधार पर हुसैनाबाद थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस की अलग-अलग टीमें इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास में जुटी हैं.
