Ranchi: झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली प्रतिष्ठित लोक कलाकार सोमवारी देवी एवं बुटन देवी का संयुक्त रूप से संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार 2024 के लिए चयन होने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है. इस उपलब्धि पर उलगुलान मोर्चा ने दोनों कलाकारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.
विरासत के लिए गौरव का विषय
उलगुलान मोर्चा के अध्यक्ष मुकेश मुंडा ने कहा कि यह सम्मान केवल दो कलाकारों की वर्षों की साधना, समर्पण और सांस्कृतिक योगदान का सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे बुंडू-तमाड़ क्षेत्र, झारखंड की लोक परंपरा और आदिवासी सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरव का विषय है. सोमवारी देवी एवं बुटन देवी ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा लोक कला, लोकगीत और पारंपरिक नृत्य संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में समर्पित किया है. उनकी कला ने झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

अपनी संस्कृति ऑर परंपराओं से जोड़ने का कार्य
उलगुलान मोर्चा ने अपने संदेश में कहा कि दोनों लोक कलाकारों ने अपनी प्रतिभा और अथक प्रयासों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य किया है. उनका यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा. मोर्चा की ओर से जारी बधाई संदेश में दोनों कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सांस्कृतिक योगदान की कामना करते हुए कहा गया कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है.
AlsoRead:इंडिया में दरार का सपना देख रही BJP को लगेगा झटका, चुनावी पारदर्शिता पर एकजुट है गठबंधन : JMM
