लोहरदगा में PVTG परिवारों तक योजनाओं की पहुंच के लिए विशेष अभियान शुरू, जागरूकता रथ रवाना

Lohardaga: जन भागीदारी अभियान-सबसे दूर, सबसे पहले” के तहत 18 से 25 मई 2026 तक पीएम जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान के...

Lohardaga: जन भागीदारी अभियान-सबसे दूर, सबसे पहले” के तहत 18 से 25 मई 2026 तक पीएम जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन लोहरदगा द्वारा विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) परिवारों के सर्वांगीण विकास और उन्हें सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान चलाया जा रहा है. अभियान का संचालन जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार और झारखंड सरकार के निर्देशानुसार किया जा रहा है.

आज इस अभियान के तहत लोगों में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

विशेष शिविरों के जरिए मिलेगा योजनाओं का लाभ

उपायुक्त ने बताया कि अभियान के माध्यम से जिले के दूरस्थ और जनजातीय बहुल गांवों में रहने वाले पीवीटीजी परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ विशेष शिविरों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा.

शिविर में सबको पक्का घर, हर घर नल से जल, गांव-गांव तक सड़क, हर घर बिजली, शिक्षा के लिए हॉस्टल, कौशल विकास, दूर-दराज गांवों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट, पोषण, उन्नत आजीविका, मोबाइल नेटवर्क और पीवीटीजी परिवारों के सर्वे से जुड़ी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा.

Also Read: न्यूज वेव खास: अब ‘खाकी’ लगाएगी बोली: नेतरहाट में पुलिस कराएगी नाशपाती बागानों की नीलामी

स्वास्थ्य जांच से लेकर सामाजिक सुरक्षा तक की सुविधा

अभियान के दौरान आयोजित विशेष शिविरों में स्वास्थ्य जांच, आधार एवं अन्य दस्तावेज सत्यापन, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, शिक्षा, आवास, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

उपायुक्त ने जानकारी दी कि 18 मई से “जन भागीदारी सप्ताह” के साथ अभियान की शुरुआत हो चुकी है. 19 मई से 25 मई तक चयनित गांवों में लगातार शिविर आयोजित किए जाएंगे.

20 मई को चलेगा विशेष विलेज इमर्शन अभियान

20 मई को “विलेज इमर्शन ड्राइव” के तहत प्रशासनिक पदाधिकारी और कर्मी पीएम जनमन (PM JANMAN) एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA) के चयनित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित करेंगे और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं का आकलन करेंगे.

21 मई से 23 मई तक आदि सेवा केंद्रों में विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शिकायतों और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

24 मई को अभियान से संबंधित उपलब्धियों और फील्ड रिपोर्ट का संकलन किया जाएगा, जिसके बाद उपायुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे.

अधिकारी भी रहे मौजूद

उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त के प्रभार में सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *