Khunti: जिले के 94 बटालियन के समीप सोमवार को तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी सवार दो हॉकी खिलाड़ियों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया.
नशे में बाइक चलाने का आरोप
जानकारी के अनुसार स्कूटी सवार चारों लोग तोरपा के रहने वाले हैं और सदर अस्पताल में जांच कराने के बाद घर लौट रहे थे. इसी दौरान 94 बटालियन के पास तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बाइक चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था.
सभी घायलों का इलाज जारी
घायलों में एंजेल सियोन टोपनो, एनी टेरेसा केरकेट्टा, एंजेल टोपनो, सैम अंकित एक्का और बाइक चालक सुमन भेंगरा शामिल हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
