Seraikela : “नशा मुक्त झारखंड अभियान” के तहत शनिवार को राजनगर प्रखंड के टीटीडीह गांव में नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया. जिला स्वास्थ्य समिति, सरायकेला खरसावां द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नाट्यकर्मियों ने तंबाकू और निषिद्ध मादक पदार्थों से होने वाली तबाही का जीवंत प्रदर्शन कर दर्शकों को झकझोर दिया.
नशे की लत का आईना दिखाया मंच ने
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने निषिद्ध मादक पदार्थों एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया. नाटक में दिखाया गया कि कैसे नशे की एक पुड़िया इंसान का घर, परिवार और भविष्य तबाह कर देती है. प्रदर्शन के बाद उपस्थित ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं को नशे की लत से होने वाले दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
26 जून तक चलेगा अभियान
जिला स्वास्थ्य समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस 26 मई से शुरू हुआ यह अभियान 26 जून, 2026 तक राज्यव्यापी स्तर पर चलाया जा रहा है. इसके तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में नुक्कड़ नाटक, जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण और अन्य गतिविधियों के माध्यम से आमजन को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया जा रहा है. अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं व आने वाली पीढ़ी को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रखने के लिए सकारात्मक माहौल बनाना है.
जन-जन तक पहुंचे अभियान का संदेश
कार्यक्रम के अंत में जिला स्वास्थ्य समिति ने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि वे “नशा मुक्त झारखंड” अभियान के संदेश को अपने गांव, मोहल्ले और परिवार तक पहुंचाएं. नशामुक्त समाज के निर्माण में हर नागरिक की सक्रिय सहभागिता जरूरी है.
Also Read : सावधान वरिष्ठ पत्रकार चंदन मिश्रा का व्हाट्सएप हैक, भेजा जा रहा है शादी का फर्जी निमंत्रण



