Hazaribagh : हजारीबाग कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत पेलावल ओपी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों के खिलाफ सोमवार को बड़ी कार्रवाई की. अदालत के सख्त रुख के बाद पुलिस टीम ने फरार आरोपियों के घर पहुंचकर कानूनी नोटिस चस्पा किया. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया.

ढोल बजाकर कराई गई मुनादी
न्यायालय से प्राप्त आदेश के आलोक में पेलावल ओपी पुलिस की विशेष टीम आरोपियों के पैतृक गांवों में पहुंची. कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने पहले ढोल-नगाड़े बजाकर ग्रामीणों के बीच मुनादी कराई, ताकि फरार आरोपियों के बारे में लोगों को जानकारी मिल सके. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के घरों के मुख्य दरवाजे पर इश्तिहार चस्पा कर उन्हें जल्द अदालत या थाने में हाजिर होने की चेतावनी दी.
ALSO READ : कल्पना मंडल बनीं राष्ट्रीय सूड़ी समाज झारखंड महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव, समाज में हर्ष की लहर
इन मामलों में फरार चल रहे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई खुटरा गांव में की गई, जहां कांड संख्या 46/21 के आरोपी नुर आलम उर्फ असलम हुसैन उर्फ अकरम के घर पर इश्तिहार तामील कराया गया. वहीं दूसरी कार्रवाई हेदलाग गोविंदपुर में हुई, जहां कांड संख्या 11/23 के आरोपी सजाद खान के खिलाफ कानूनी नोटिस चस्पा किया गया. दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे.
ALSO READ : 10 से 15 जून तक रेल यात्री रहें सतर्क, रांची-हटिया रूट की 20 ट्रेनें रहेंगी रद्द
हाजिर नहीं होने पर होगी कुर्की-जब्ती
पेलावल ओपी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के निर्देश पर की गई है. उन्होंने कहा कि यदि आरोपी तय समय के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो कोर्ट के अगले आदेश पर उनके घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
