Ranchi: जून महीने में रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल, चक्रधरपुर मंडल और रांची रेल मंडल में चल रहे विकास कार्यों के कारण 10 से 15 जून के बीच कई प्रमुख ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे प्रशासन ने इस दौरान 20 महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है.
पुणे, हावड़ा और दरभंगा रूट की कई ट्रेनें प्रभावित
इन ट्रेनों में रांची और हटिया स्टेशन से चलने वाली कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं. ऐसे में हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित होने की संभावना है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पटरियों के आधुनिकीकरण, मेंटेनेंस और तकनीकी सुधार कार्यों को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए ब्लॉक लेना जरूरी है. रेलवे की ओर से जारी सूची के अनुसार पुणे-हटिया एक्सप्रेस, हटिया-पुणे एक्सप्रेस, गया-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, वास्को द गामा-जसीडीह एक्सप्रेस, हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस, चलपल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी. वहीं हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस और राउरकेला-हटिया मेमू भी प्रभावित ट्रेनों में शामिल हैं.
Also Read: जैसे-जैसे जानकारी बढ़ी सरकारी कर्मियों ने शुरू किया होम लोन लेना, पिछले वित्त वर्ष में 350 करोड़ सरकार ने बांटा, बेधड़क हो रहा दूसरे प्रोजेक्ट में निवेश, वित्त विभाग के पास घपले को पकड़ने का कोई मैकेनिजम नहीं (2)
रेलवे ने यात्रियों से की अपील, यात्रा से पहले करें जांच
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद परेशानी का सामना न करना पड़े. यात्रियों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए रांची रेल मंडल ने दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय को विशेष ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव भेजा है. इसके अलावा जिन ट्रेनों में अधिक भीड़ रहने की संभावना है, उनमें अतिरिक्त कोच लगाने पर भी विचार किया जा रहा है.