Bokaro: शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने चास प्रखंड अंतर्गत चाकूलिया ग्राम का भ्रमण कर बीवी-जीरामजी (मनरेगा) एवं अबुआ आवास योजना सहित विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मनरेगा के तहत निर्मित बीरसा सिंचाई कूप का अवलोकन किया. यह सिंचाई कूप लाभुक विंदेश्वर गोराई के नाम से स्वीकृत है. मौके पर उन्होंने लाभुक की धर्मपत्नी नेहाली देवी से सिंचाई कूप के उपयोग, धान की रोपाई तथा कृषि कार्यों की जानकारी ली. उपायुक्त ने उपलब्ध सिंचाई संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर कृषि उत्पादन बढ़ाने की सलाह दी. भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने सिंचाई कूप के समीप स्थित परती भूमि का भी निरीक्षण किया. उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी चास प्रदीप कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी (बीवी-जीरामजी) को संबंधित रैयत से समन्वय स्थापित कर उक्त भूमि पर आम बागवानी विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि भूमि का समुचित उपयोग हो तथा ग्रामीणों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके.
यह भी पढ़ें: बोकारो: DC ने SIR-2026 के कार्यों का लिया जायजा, समय पर डिजिटाइजेशन पूरा करने के दिए निर्देश
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान चाकूलिया गांव के मूर्तिटांड़ टोला में बीवी-जीरामजी (मनरेगा) लाभुकों का डीसी-डीडीसी की उपस्थिति में दर्जनों लाभुकों का केवाईसी पूरा किया गया. इसके बाद डीसी-डीडीसी ने गांव में अबुआ आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवास का निरीक्षण किया. उन्होंने लाभुक जुरामनी देवी से आवास का रंग-रोगन कराने तथा उसके नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा. डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे. साथ ही, बीवी-जीरामजी (मनरेगा) के तहत निर्मित परिसंपत्तियों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित कर ग्रामीणों की आजीविका सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाए.
