Ranchi: खेलो इंडिया अस्मिता नेशनल ट्रैक साइकिलिंग लीग में ईस्ट जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया. भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन उत्तराखंड साइकिलिंग संघ द्वारा शिवालिक वेलोड्रम में किया गया. दो दिनों तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं जोनों से कुल 249 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. रोमांचक मुकाबलों के बीच ईस्ट जोन ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर खिताब जीता, जिसमें झारखंड की खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा. झारखंड की बेटियों ने सर्वाधिक पदक जीतकर जोन की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें : फ्लड लाइट में सीमा देसाई टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, महिला क्रिकेट को मिल रहा नया आयाम
झारखंड की सरिता कुमारी ‘बेस्ट वुमन एथलीट’
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए झारखंड की सरिता कुमारी को “बेस्ट वुमन एथलीट” के खिताब से नवाजा गया, जो राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है. समापन समारोह में उधम सिंह नगर के पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी, नजारत उप समाहर्ता जुबैर सक्सेना, उत्तराखंड ओलंपिक संघ की महासचिव आकांक्षा निगम, डी.के. सिंह एवं जिला खेल पदाधिकारी जानकी कार्की ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया. झारखंड साइकलिंग संघ के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों की इस सफलता पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की. प्रतियोगिता के सफल संचालन में तकनीकी अधिकारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही.
यह भी पढ़ें : रांची : इंटर डिस्ट्रिक्ट वुडबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन, स्कूलों के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
