Click Here
Click Here

जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा पीडीएस दुकानों एवं दाल-भात केंद्र का औचक निरीक्षण

Koderma: जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप कुमार के साथ संयुक्त रूप से विभिन्न जन वितरण प्रणाली...

Koderma: जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप कुमार के साथ संयुक्त रूप से विभिन्न जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों एवं आदर्श दाल-भात केंद्र का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण का उद्देश्य खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करना है. निरीक्षण के क्रम में पीडीएस विक्रेता महानंद सिंह (लाइसेंस संख्या 09/91) की दुकान में अभिलेखों एवं संचालन से संबंधित कुछ अनियमितताएं पाई गईं. जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने संबंधित डीलर को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया. इसके पश्चात विकास कुमार एवं अशोक कुमार के पीडीएस दुकानों की जांच की गई, जहां वितरण व्यवस्था एवं अभिलेखों का संधारण संतोषजनक पाया गया.

बंद मिली पीडीएस दुकान, स्पष्टीकरण का निर्देश

निरीक्षण के दौरान एक अन्य पीडीएस दुकान बंद पाई गई. इस पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित डीलर से स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा निर्धारित समय पर दुकान का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लाभुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा पीडीएस व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

WhatsApp Image 2026-06-13 at 2.57.59 PM (1)

इसके उपरांत अधिकारियों द्वारा कोडरमा बाजार स्थित आदर्श दाल-भात केंद्र का भी निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ लाभुकों द्वारा भोजन ग्रहण करने के बावजूद उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं किए गए थे. इस पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने दाल-भात केंद्र संचालक को निर्देश दिया कि पंजी का संधारण नियमित एवं अद्यतन रखा जाए तथा भोजन प्राप्त करने वाले सभी लाभुकों से हस्ताक्षर अथवा अंगूठा निशान प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए.

ALSO READ: नाबालिग किशोरी को भगा ले जाने का आरोपी गिरफ्तार, चैनपुर पुलिस ने भेजा जेल

अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी वर्णवाल ने कहा कि जन वितरण प्रणाली एवं दाल-भात केंद्रों का सुचारू संचालन सरकार की प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सभी डीलरों एवं केंद्र संचालकों को पारदर्शिता, जवाबदेही एवं लाभुकों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *