Palamu: चैनपुर प्रखंड के किन्नी गांव में मंगलवार को डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया के पिता स्वर्गीय अनिल चौरसिया की 14वीं पुण्यतिथि सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने स्व. अनिल चौरसिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिसर में पौधारोपण भी किया.
समाज सेवा और जनहित के कार्यों को किया याद
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. अनिल चौरसिया के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया. उन्हें गरीब, दलित, पिछड़े और शोषित वर्गों की आवाज बताते हुए उनके जनसेवा कार्यों की सराहना की गई. क्षेत्र के विकास और आम लोगों के अधिकारों के लिए किए गए उनके प्रयासों को लोगों ने स्मरण किया.
आलोक चौरसिया की सराहना
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि स्व. अनिल चौरसिया गरीबों के हक की सशक्त आवाज थे. उन्होंने विधायक आलोक चौरसिया की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अपने पिता के पदचिह्नों पर चलकर उनके सपनों को साकार करने का कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि माता-पिता व्यक्ति के प्रथम भगवान होते हैं और उनकी सेवा सबसे बड़ा धर्म है. सभा को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए कई वादे पूरे नहीं हुए हैं. साथ ही उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता आगामी चुनावों में भाजपा पर विश्वास जताएगी.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे नेता और ग्रामीण
कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णुदयाल राम, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, मेयर अरुणा शंकर, डिप्टी मेयर मनोज सिंह, पांकी विधायक शशि भूषण मेहता, पूर्व सांसद मनोज भुइया, भाजपा नेता विनोद सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर मंगल सिंह, जिला परिषद सदस्य राम लव चौरसिया, भीष्म चौरसिया, सिंटू चौरसिया सहित भाजपा के कई नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
ALSO READ : क्रेशर प्लांट में हुई चोरी का उद्भेदन, 06 अभियुक्त गिरफ्तार एवं चोरी का सामान बरामद



