Ranchi: झारखंड की राजनीति में शनिवार को चिलचिलाती गर्मी और तपती धूप के बीच राजधानी रांची की सड़कों पर महिलाओं की हुंकार गूंज उठी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को संसद में रोकने और कांग्रेस-झामुमो (इंडी गठबंधन) के महिला विरोधी रवैये के खिलाफ भाजपा ने महिला आक्रोश मार्च निकाला. मोरहाबादी मैदान से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकली इस पदयात्रा में राज्य के कोने-कोने से आई महिलाओं ने कहा कि अब वे अपने अधिकारों और सम्मान के लिए चुप नहीं बैठेंगी. रैली का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया.
यह भी पढ़ें : झुमका गिरा बरेली के बाजार में, भाजपा गिरी जनता की नजरों में : राकेश सिन्हा

विपक्ष का भस्म होना निश्चित हैः अन्नपूर्णा देवी
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की मानसिकता हमेशा से महिला विरोधी रही है. पीएम मोदी ने ‘लखपति दीदी’ और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से महिलाओं को सशक्त किया, लेकिन जब राजनीतिक भागीदारी (आरक्षण) की बारी आई, तो विपक्ष ने जश्न मनाकर बिल को रोकने का पाप किया. आने वाले चुनाव में देश की राजनीति से इंडी गठबंधन का साफ होना तय है.

आधी आबादी के गुस्से में जलकर स्वाहा हो जाएगा गठबंधनः बाबूलाल
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पीएम मोदी महिलाओं को 33% भागीदारी देना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस-झामुमो ने इसके खिलाफ वोट दिया. यह गठबंधन सिर्फ अपने घर की महिलाओं को ही महिला समझता है, गरीब और साधारण परिवार की बेटियों को नहीं. अगर ये अब भी नहीं संभले, तो नारी शक्ति के इस गुस्से में ये गठबंधन कहीं ढूंढने से भी नहीं मिलेगा.
यह भी पढ़ें : जगन्नाथपुर मंदिर हत्याकांड का खुलासा: दान पेटी से चोरी करते गार्ड ने देखा, पहचान छिपाने के लिए कर दी हत्या, तीन गिरफ्तार
ये बहुरूपिए और ठग हैं, इनसे सावधान रहेः आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब का दर्द समझते हैं, इसलिए आरक्षण लाए. लेकिन सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और हेमंत सोरेन को सिर्फ अपने परिवार की चिंता है. झारखंड में 3 साल की बच्ची तक सुरक्षित नहीं है और सरकार ‘मईया योजना’ का ढकोसला कर रही है. इन ठगबाजों को गांवों से खदेड़ने की जरूरत है.

विपक्ष की चूलें हिल गई हैः संजय सेठ
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय़ सेठ ने कहा कि मातृशक्ति के साथ इंडी गठबंधन ने महापाप किया है. जब संसद में बिल गिरा, तो ये लोग खुशियां मना रहे थे. आज रांची की सड़कों पर उमड़ी यह भीड़ इस बात का प्रमाण है कि आधी आबादी इस अपमान का बदला लेकर ही रहेगी.
किसने क्या कहा?
छुटनी महतो (पद्मश्री): मैं स्वयं संसद में थी. कांग्रेस ने जो काम 30 साल में नहीं किया, मोदी जी ने 2 दिन में किया. हम भूखे मर जाएंगे, लेकिन महिला विरोधी कांग्रेस का साथ कभी नहीं देंगे.
जमुना टुडू (पद्मश्री): “70 साल तक राज करने वाली कांग्रेस ने महिलाओं को कुछ नहीं दिया. राहुल गांधी कान खोलकर सुन लें, हमें अपना अधिकार छीनना आता है.”
नीरा यादव (विधायक): “झामुमो नीम है तो कांग्रेस करेला। नारी शक्ति अबला नहीं, सबला है और वह अपने अपमान का बदला लेना जानती है.

मंच पर दिग्गजों की मौजूदगी
इस विशाल आक्रोश मार्च में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपई सोरेन, मधु कोड़ा सहित संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद दीपक प्रकाश, गीता कोड़ा, विधायक सीपी सिंह, नवीन जयसवाल, और अनंत ओझा जैसे दर्जनों वरिष्ठ नेता और काफी की संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित थीं.


