Ranchi: झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आहूत झारखंड बंद का आज राजधानी रांची में मिलाजुला असर देखने को मिला. बंद को देखते हुए रांची पुलिस सुबह से ही पूरी तरह मुस्तैद रही, जिसके कारण शहर के अधिकांश हिस्सों में जनजीवन सामान्य रहा और पुलिस ने दुकानदारों को सुरक्षा देकर दुकानें खुलवाई.

सुबह टायर जलाकर प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला

सुबह के समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के कुछ इलाकों कांके, सर्कुलर रोड समेत अन्य इलाकों में सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन करने और आवागमन बाधित करने का प्रयास किया. हालांकि, मौके पर मौजूद रांची पुलिस के अधिकारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटाया.
दुकानें बंद कराने निकले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता बाइक जुलूस निकाल कर शहर में निकले और खुली हुई दुकानों को बंद कराने का प्रयास करने लगे. इस दौरान रांची पुलिस मुस्तैद दिखी और उसने दुकानदारों को पूरा भरोसा व सुरक्षा दी. पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कई इलाकों में बंद कराई जा रही दुकानों को दोबारा खुलवाया.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ट्रैफिक एसपी खुद संभाल रहे कमान
बंद के मद्देनजर रांची के तमाम प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई थी. पुलिस के जवान न केवल सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे, बल्कि यातायात को भी सुगम बनाए रखने में जुटे रहे. रांची के ट्रैफिक एसपी खुद पूरी यातायात व्यवस्था और शहर की तमाम गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं.
ALSO READ : आज ही के दिन अमर हुए थे खुदीराम बोस, सबसे कम उम्र में बलिदान देकर रच दिया इतिहास
