News Desk : बिहार में नई सरकार के गठन के बाद अब विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया है. सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही सबसे अधिक विभाग अपने पास रखे हैं. उनके साथ विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने मंत्री पद की शपथ ली है. विभागों के वितरण में भारतीय जनता पार्टी का दबदबा साफ नजर आ रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास कुल 29 विभागों की जिम्मेदारी है, जबकि विजय कुमार चौधरी को 10 और बिजेंद्र प्रसाद यादव को 8 विभाग सौंपे गए हैं.
Also Read : सरायकेला : छोटा गम्हरिया में ‘वात्सल्य बालिका गृह’ का उद्घाटन, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री के पास गृह समेत कई अहम मंत्रालय

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन, राजस्व एवं भूमि सुधार, खान एवं भू-तत्व, नगर विकास एवं आवास, स्वास्थ्य, विधि, उद्योग, पथ निर्माण, कृषि, लघु जल संसाधन, श्रम संसाधन, पर्यटन, युवा एवं कौशल विकास, कला एवं संस्कृति, पशु संसाधन, आपदा प्रबंधन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, सूचना प्रौद्योगिकी, खेल, सहकारिता, पर्यावरण, गन्ना उद्योग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण और पंचायती राज जैसे प्रमुख विभाग शामिल हैं. इससे साफ है कि सरकार की कमान पूरी तरह मुख्यमंत्री के हाथ में केंद्रित है.
Also Read : JPSC प्रारंभिक परीक्षा को लेकर उपायुक्त ने की बैठक, दिए सख्त निर्देश

उपमुख्यमंत्रियों को भी मिली अहम जिम्मेदारी
विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन, संसदीय कार्य, सूचना एवं जनसंपर्क, भवन निर्माण, अल्पसंख्यक कल्याण, शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा, ग्रामीण विकास, परिवहन और उच्च शिक्षा जैसे विभाग दिए गए हैं. वहीं बिजेंद्र प्रसाद यादव को ऊर्जा, योजना एवं विकास, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, वित्त, वाणिज्य कर, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण और ग्रामीण कार्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. दोनों उपमुख्यमंत्रियों को भी सरकार के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है.
कैबिनेट विस्तार के बाद बदल सकते हैं विभाग
फिलहाल सरकार में केवल तीन नेताओं ने ही शपथ ली है, इसलिए एक-एक के पास कई विभाग हैं. अब सभी की नजर कैबिनेट विस्तार पर टिकी है. विस्तार के बाद विभागों का दोबारा बंटवारा किया जाएगा और नए मंत्रियों को जिम्मेदारी दी जाएगी. माना जा रहा है कि गृह जैसे अहम विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास ही बने रह सकते हैं. आने वाले दिनों में कैबिनेट विस्तार के साथ सरकार की पूरी तस्वीर और स्पष्ट होगी.
