Ranchi : क्या आप पुरानी गाड़ियों के शौकीन हैं या अपनी जेब के हिसाब से एक जुगाड़ू सवारी की तलाश में हैं? तो तैयार हो जाइए. झारखंड के वन विभाग ने अपने कबाड़ और जब्त वाहनों को ठिकाने लगाने का मन बना लिया है. लातेहार, गिरिडीह और गढ़वा, इन तीन वन प्रमंडलों में गाड़ियों की नीलामी होने वाली है. इन जब्त और राजसात वाहनों को जहां हैं, जैसी स्थिति में हैं, के आधार पर बेचने का फैसला किया है. अगर आप पुरानी गाड़ी खरीदने के सपने देख रहे हैं, तो यह मौका आपके लिए किसी लॉटरी से कम नहीं है.
क्या-क्या है दांव पर
• कुल मिलाकर 27 से अधिक वाहन नीलाम की जा रही है. इसमें काम-धंधे के लिए जेसीबी JCB से लेकर खेतों के राजा ट्रैक्टर-ट्रेलर, दौड़ती-भागती पिकअप वैन, बोलेरो कैम्पर, और टाटा मिनी ट्रक तक शामिल हैं
• लातेहार की पेशकश : यहां जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रेलर, पियागो टेंपू और टाटा मिनी ट्रक जैसे दमदार वाहन नीलामी में उतरेंगे.
• गिरिडीह का कारवां : यहां वाहनों का मेला लगा है. पिकअप वैन ट्रैक्टर-ट्रेलर (जिनमें महिंद्रा डीआइ-35 जैसे मॉडल शामिल हैं), बोलेरो कैंपर, टाटा 407 ट्रक और मोटर-साइकिल तक की बोली लगेगी.
• गढ़वा की एंट्री : यहां मुख्य आकर्षण महिंद्रा ट्रैक्टर ट्रॉली (मॉडल बी 275 डीआइ) है. जो खेतों में पसीना बहाने के लिए बिल्कुल तैयार खड़ी है.

नीलामी का कैलेंडर और शर्तें
गढ़वा और गिरिडीह : दोनों ही जगह 06 जुलाई 2026 को महा-नीलामी का दिन तय है. गिरिडीह में सुबह 10:30 बजे से निविदा प्रक्रिया शुरू होगी. जबकि गढ़वा में पूर्वाह्न 11:00 बजे से बोलियां लगाई जाएंगी. लातेहार में 21 जुलाई को टेंडर होगा. नीलामी में भाग लेने के लिए जीएसटी रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है. साथ ही, अलग-अलग वाहनों के लिए अग्रधनके तौर पर बैंक ड्राफ्ट तैयार रखना होगा. जैसे गिरिडीह में जेसीबी के लिए 25,000 रुपये और अन्य वाहनों के लिए 10,000 रुपये जमा करने होंगे. गढ़वा में महिंद्रा ट्रैक्टर के लिए 20,000 रुपये की अग्रधन राशि तय की गई है.
ALSO READ : झारखंड में भ्रष्टाचार और तानाशाही का जनता देगी जवाब, UCC से मिलेगी समान नागरिकता : अश्विनी चौबे


