Bihar : रोहतास जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने खुद के अपहरण की झूठी कहानी रचकर अपने ही परिवार वालों को फंसाने की कोशिश की. मामला डेहरी के डालमियानगर थाना क्षेत्र के मनेरी बिगहा गांव का है. पुलिस जांच में पूरे मामले का खुलासा होने के बाद युवती को डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
कॉलेज के लिए निकली और लौटी ही नहीं

जानकारी के मुताबिक, मनेरी बिगहा निवासी संतोष महतो की बेटी 28 अप्रैल 2026 को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.
लड़की के मोबाइल से आया मैसेज
इसी बीच 29 अप्रैल को युवती के मोबाइल नंबर से परिजनों के पास एक व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसमें दावा किया गया कि उसका अपहरण कर लिया गया है और उसे सासाराम में कहीं बंधक बनाकर रखा गया है, मैसेज मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. तकनीकी जांच और लगातार छानबीन के दौरान युवती की लोकेशन डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन के आसपास मिली, इसके बाद पुलिस ने स्टेशन परिसर से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया, पूछताछ में युवती ने चौंकाने वाला खुलासा किया.
रोक टोक करते थे और कोई फ्रीडम नहीं थी’
डेहरी के एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि युवती ने खुद ही अपहरण की कहानी बनाई थी. उसका कहना था कि परिवार के लोग उस पर ज्यादा पाबंदियां लगाते थे, हर बात पर रोक-टोक करते थे और उसे किसी तरह की आजादी नहीं थी, इसी वजह से उसने घर छोड़ने और परिवार वालों को फंसाने की योजना बनाई, पुलिस के अनुसार युवती की काउंसलिंग कराई गई है. समझाने-बुझाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया, फिलहाल पुलिस पूरे मामले को संवेदनशीलता के साथ देख रही है.
Also Read : दो दिनों तक बंद रहेगा ‘झारभूमि’ पोर्टल, जमीन से जुड़े ऑनलाइन कार्य होंगे बाधित
