Bokaro : रिश्वत मांगने के आरोप में थाना प्रभारी को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया. एसपी नाथू सिंह मीणा ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह और सब इंस्पेक्टर भागू उरांव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. थाना प्रभारी पर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगने के बाद एसपी ने यह कार्रवाई की है. वहीं दूसरी तरफ एसपी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जब तक बालीडीह थाने में नए थाना प्रभारी की नियमित नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है. इस दौरान हेडक्वार्टर डीएसपी को बालीडीह थाना की तमाम गतिविधियों और कामकाज की कमान सौंपी गई है. जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित न हो.
जमीन विवाद और रिश्वत कांड से जुड़ा है पूरा मामला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा प्रकरण एक जमीन विवाद से जुड़ा है. बता दें कि कुछ दिनों पहले ही इसी मामले से जुड़े एक घटनाक्रम में एसपी के निर्देश पर बालीडीह थाना के जमादार याकूब अंसारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था. जमादार की गिरफ्तारी के बाद से ही इस मामले की परतें खुलनी शुरू हो गई थीं. पीड़ित शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपे अपने शिकायती पत्र में बेहद गंभीर आरोप लगाया है. शिकायतकर्ता का कहना है कि कुछ भू-माफियाओं और दबंगों ने उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था. विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी. जब वे न्याय की आस लेकर बालीडीह थाना पहुंचे, तो तत्कालीन थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने मामले को रफा दफा करने या कार्रवाई के एवज में कथित तौर पर मोटी रिश्वत की मांग की. शिकायतकर्ता ने जब रिश्वत देने से साफ इनकार कर दिया, तो थाना प्रभारी ने उनके साथ न सिर्फ बदसलूकी और दुर्व्यवहार किया. बल्कि उन्हें डांटकर थाने से बाहर भगा दिया.
ALSO READ : रोहितस्य रॉय ने लिया महाधिवक्ता का पदभार, अब तक के सबसे युवा AG बने



