धुर्वा से तीन बच्चे लापता, भाजपा का पुलिस पर हमला; आदित्य साहू बोले- बच्चे गायब, पुलिस जवाब देने से भाग रही

Ranchi: धुर्वा और जगन्नाथपुर क्षेत्र से लापता तीन बच्चों करण, अर्जुन और शिवा की बरामदगी नहीं होने पर भारतीय जनता पार्टी ने...

Ranchi: धुर्वा और जगन्नाथपुर क्षेत्र से लापता तीन बच्चों करण, अर्जुन और शिवा की बरामदगी नहीं होने पर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में अपराधी बेखौफ हैं, पुलिस मस्त है और बच्चे असुरक्षित हैं.

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि बच्चों के लापता होने के करीब दो सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान और दर्ज प्राथमिकी में कई विरोधाभास सामने आए हैं, जिससे पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं. उनका कहना है कि गरीब और अशिक्षित परिवारों का फायदा उठाकर पुलिस ने अपनी सुविधा के अनुसार प्राथमिकी दर्ज की है.

आंदोलन की चेतावनी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि पुलिस ने जल्द तीनों बच्चों की सकुशल बरामदगी नहीं की तो भाजपा सड़कों पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन करेगी. उन्होंने घोषणा की कि बच्चों की बरामदगी और पुलिस की कथित निष्क्रियता के विरोध में 13 जून की शाम 6 बजे मशाल जुलूस निकाला जाएगा.

अदिति मामले का भी उठाया मुद्दा

कोकर के खोरहा टोली से लापता 18 माह की मासूम अदिति का मामला उठाते हुए कहा कि आज तक पुलिस बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा सकी है. यह दर्शाता है कि पुलिस प्रशासन बच्चों के गुमशुदगी मामलों को लेकर गंभीर नहीं है.

बच्चों की सुरक्षा पर चिंता

आदित्य साहू ने कहा कि राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में बच्चों के लापता होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है. उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों की सुरक्षा भी सरकार की उतनी ही जिम्मेदारी है जितनी किसी अन्य नागरिक की.

कई भाजपा नेता रहे मौजूद

पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, सरोज सिंह, अशोक बड़ाईक, रामकुमार पाहन, रमेश सिंह, उमेश यादव, शुचिता रानी राय, जितेंद्र वर्मा, वीणा मिश्रा, दीपक लोहरा, पंकज सिन्हा, नीरज सिंह, सूरज शाहदेव और राजेंद्र मुंडा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे.

ALSO READ : जामताड़ा: खेत जाने के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, 10 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार के तीन सदस्य झुलसे

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *