Jamtara: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. पहली घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे थाना क्षेत्र के महतोडीह गांव के समीप हुई. जानकारी के अनुसार कोरीडीह-वन गांव निवासी जाहिर अंसारी बाइक से हिरो शोरूम से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान महतोडीह गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया.
शिवपुर के पास दूसरी दुर्घटना में दो युवक घायल
वहीं दूसरी घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे शिवपुर गांव के पास हुई. बताया जाता है कि कुरता गांव निवासी बिनोद पंडित और रोहित पंडित बाइक से नारायणपुर से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान शिवपुर के समीप बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे दोनों युवक घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी नारायणपुर पहुंचाया. यहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्र के लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है.

ALSO READ: अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान भारी हंगामा, पुलिसकर्मी ने निकाली पिस्टल, एसपी ने दिए जांच के आदेश
