Deoghar : बाबा नगरी देवघर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा पिस्टल निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत संज्ञान लिया और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.
यह भी पढ़ें: कडरू गोदाम में बवाल: राशन उठाव रोक रहे मजदूरों ने ट्रांसपोर्टिंग एजेंट को लाठी-डंडों से पीटा, जान से मारने का प्रयास

क्या है पूरा मामला?
देवघर शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने और शहरी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है. इसी कड़ी में पुलिस और प्रशासन की टीम सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान बढ़ाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई कर रही थी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा था. इसी दौरान कार्रवाई का विरोध कर रही भीड़ और पुलिस के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते माहौल इतना गरमा गया कि भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास में तैनात एक पुलिस आरक्षी ने अपनी पिस्टल निकाल ली. किसी स्थानीय नागरिक ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
घटना को लेकर दो अलग-अलग दावे
वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में दो तरह की बातें सामने आ रही हैं. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि पुलिसकर्मी ने आम जनता और दुकानदारों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से सरेआम हथियार निकाला. उन्होंने पुलिस के इस व्यवहार पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए दोषी कर्मी पर कार्रवाई की मांग की है. इसके विपरीत, घटनास्थल पर मौजूद कुछ अन्य प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिसकर्मी का इरादा किसी को डराने का नहीं था. भीड़ के बीच धक्का-मुक्की के दौरान वह केवल अपनी पिस्टल को सुरक्षित करने की कोशिश कर रहा था.
