Gumla: झारखंड में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित टोरंटो कप फुटबॉल टूर्नामेंट के प्रचार-प्रसार के तहत शनिवार को टूर्नामेंट की ट्रॉफी और शील्ड का गुमला में भव्य टूर निकाला गया. भारतीय सेना के जवान पूरे सम्मान के साथ ट्रॉफी और शील्ड लेकर गुमला पहुंचे. इस दौरान शहर में खेल और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला.सेना का काफिला जैसे ही गुमला पहुंचा, लोगों ने फूल बरसाकर और तिरंगा लहराकर जवानों का स्वागत किया. शहर के कई चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे. ट्रॉफी और शील्ड की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.
युवाओं को मिलेगी प्रेरणा- DC
गुमला के DC दिलेश्वर महतो ने कहा कि टोरंटो कप की ट्रॉफी और शील्ड का गुमला आना जिले के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, एकता और स्वस्थ समाज का संदेश देते हैं. ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है. पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा ने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का सबसे अच्छा माध्यम है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नशा और अपराध जैसी बुराइयों से दूर रहने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं.
स्थानीय खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
गुमला लंबे समय से हॉकी, फुटबॉल और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों के लिए जाना जाता है. ऐसे में टोरंटो कप की ट्रॉफी और शील्ड का शहर पहुंचना स्थानीय खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक रहा. कई युवा खिलाड़ियों ने इसे अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में बड़ा अवसर बताया. कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. पूरे आयोजन के दौरान लोगों ने अनुशासन बनाए रखा, जिससे ट्रॉफी और शील्ड का यह टूर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
ALSO READ: उत्पाद सिपाही भर्ती : अनफिट अभ्यर्थियों के पास आखिरी मौका, एपेक्स मेडिकल बोर्ड करेगा जांच
