Gumla: रायडीह थाना क्षेत्र के शामकोना केमटे गांव के दो छात्र बुधवार दोपहर वज्रपात की चपेट में आ गए. इस दर्दनाक घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल छात्र का इलाज सदर अस्पताल गुमला में चल रहा है. मृतक की पहचान राजरोनीत केरकेट्टा (18 वर्ष), पिता रॉबर्ट केरकेट्टा, निवासी शामकोना केमटे के रूप में हुई है. वहीं घायल छात्र आशीष तिर्की (19 वर्ष) भी उसी गांव का रहने वाला है. दोनों जय किशन प्लस टू हाई स्कूल, मांझाटोली में 12वीं कक्षा के छात्र थे.
बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके थे दोनों छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर दोनों छात्र स्कूल में कक्षा समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए दोनों केराडीह स्थित नए पुल के समीप एक आम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए. तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए. घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी. दोनों छात्रों को तत्काल रायडीह उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया. 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सदर अस्पताल लाया गया.


अस्पताल में एक छात्र को मृत घोषित किया गया
सदर अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा जांच के दौरान राजरोनीत केरकेट्टा को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आशीष तिर्की को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया. उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है. घटना की सूचना अस्पताल कर्मियों ने गुमला थाना को दी. सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी विनय महतो सदर अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है.

