Pakur: पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र में खस्सी चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाना ले गई. जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के राघोपाड़ा गांव में पिछले कई दिनों से बकरी, बकरा तथा गाय-बैलों की चोरी की घटनाओं से ग्रामीण परेशान थे. इसी बीच दो संदिग्ध युवक एक खस्सी लेकर राघोपाड़ा से निकल रहे थे.
पूछताछ में खरीदने की बात कही, ग्रामीणों को हुआ संदेह
बताया जाता है कि माधोपाड़ा गांव के कुछ युवकों को दोनों पर शक हुआ. उन्होंने दोनों को रोककर पूछताछ की. इस दौरान युवकों ने दावा किया कि उन्होंने खस्सी हिरणपुर से खरीदी है. हालांकि, पूछताछ के दौरान एक ग्रामीण ने खस्सी को पहचान लिया और उसके असली मालिक को सूचना देकर मौके पर बुलाया.

मालिक ने की पहचान, चोरी का खुला मामला
सूचना मिलने पर खस्सी का मालिक मौके पर पहुंचा और उसने खस्सी को अपनी बताया. मालिक के अनुसार, कुछ ही देर पहले उसके घर के पास से खस्सी चोरी हुई थी. मालिक द्वारा पहचान किए जाने के बाद वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. स्थिति को भांपते हुए दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया.
आक्रोशित ग्रामीणों ने की पिटाई
खस्सी चोरी की पुष्टि होने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलने के बाद महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया.
आवेदन मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर महेशपुर थाना ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी रवि शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
