Ranchi : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के पूर्व मतदाताओं के मैपिंग की प्रक्रिया चल रही है. 23 मई से अन मैप्ड मतदाताओं की सूची सभी मतदान केंद्रों एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के वेबसाईट पर सर्चेवल फॉर्मेट में प्रकाशित करने के बाद इस प्रक्रिया में तेजी आई है. वर्तमान में कुल 75.19 फीसदी मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है. 15 जून तक बीएलओ द्वारा मैपिंग का कार्य किया जाएगा. अन मैप्ड मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर विगत गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से अपनी मैपिंग करवा रहें है. वर्तमान में मैप्ड मतदाताओं की संख्या 1,99,15,463 है. अन मैप्ड मतदाता सूची के प्रकाशन (23 मई) के बाद एक सप्ताह में कुल 5,14,546 मतदाताओं की मैपिंग की गई है.
के रवि कुमार ने कहा कि अन मैप्ड मतदाताओं की मैपिंग में तेजी लाने एवं वैसे बीएलओ जिनके क्षेत्र में कम मैपिंग हुई है उनके क्षमता संवर्धन के लिये मंगलवार को सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गई है. बैठक में बीएलओ द्वारा कार्यक्षेत्र में आने वाले सभी कठिनाइयों के बारे में बिंदुवार समीक्षा की जाएगी एवं उनके क्षमता संवर्धन हेतु निर्णय लिए जाएंगे.



