Newswave Desk: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत की सुपरहिट फिल्म ‘क्वीन’ का सीक्वल ‘Queen 2’ इन दिनों चर्चा में है. हालांकि फिल्म की रिलीज डेट का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन रिलीज से पहले ही यह कानूनी विवाद में फंस गई है. फिल्म को लेकर फैंटम स्टूडियोज और जियोस्टार के बीच विवाद शुरू हो गया है.
जियोस्टार ने आरोपों पर दी सफाई
फैंटम स्टूडियोज का आरोप है कि ‘क्वीन 2’ उनकी फिल्म का अनऑफिशियल सीक्वल है और इसे बिना अनुमति बनाया जा रहा है. वहीं, जियोस्टार ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियोस्टार का कहना है कि ‘क्वीन 2’ पूरी तरह नई और ओरिजिनल कहानी है. कंपनी के अनुसार, फिल्म का किसी पुरानी कहानी, किरदार या क्रिएटिव कॉन्सेप्ट से कोई संबंध नहीं है. यह न तो किसी फिल्म का सीक्वल है और न ही प्रीक्वल.

क्या है पूरा विवाद?
साल 2014 में रिलीज हुई ‘क्वीन’ को फैंटम फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया था. इस प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत विकास बहल, मधु मंटेना, विक्रमादित्य मोटवाने और अनुराग कश्यप ने मिलकर की थी. साल 2019 में कंपनी बंद हो गई थी. बाद में 2022 में मधु मंटेना और शीतल तलवार ने इसे फैंटम स्टूडियोज के नाम से दोबारा शुरू किया.
फैंटम स्टूडियोज का दावा है कि उसके पास ‘क्वीन’ के 50 प्रतिशत अधिकार हैं, जिनमें फिल्म का सीक्वल बनाने का अधिकार भी शामिल है. इसी आधार पर कंपनी ने आरोप लगाया है कि जियोस्टार बिना अनुमति ‘क्वीन 2’ बना रहा है.
250 करोड़ रुपये का मुकदमा
फैंटम स्टूडियोज ने इस मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट में जियोस्टार के खिलाफ 250 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है. वहीं, जियोस्टार का कहना है कि फिल्म पूरी तरह नई कहानी पर आधारित है और किसी के अधिकारों का उल्लंघन नहीं किया गया है.
कंगना रनौत ने साल 2026 की शुरुआत में ‘क्वीन 2’ का ऐलान किया था. फिल्म का निर्देशन विकास बहल कर रहे हैं. हाल ही में इसकी शूटिंग पूरी हुई है, जिसकी खुशी में कंगना और पूरी टीम ने केक काटकर जश्न भी मनाया था. हालांकि अब फिल्म कानूनी विवाद में घिर गई है, जिससे इसकी रिलीज पर असर पड़ सकता है.
ALSO READ: पलामू: RTI की आड़ में 5 लाख की रंगदारी मांगने का मामला, सुमित कुमार पर प्राथमिकी दर्ज


