-
मामला तब संज्ञान में आया जब वर्ष 2024 में महिंद्रा बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उससे जुड़े एमएसीटी केस में निगम को पक्षकार बना दिया गया
Ranchi: झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JPHCL) ने वर्ष 2021 में नीलाम किए गए दो वाहनों का अब तक स्वामित्व हस्तांतरण नहीं कराने पर खरीदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. मामले में निगम प्रबंधन ने कोतवाली थाना को लिखित आवेदन देकर केस किया है. प्रबंधक विशाल रंजन द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि निगम के वाहन संख्या JH01Q-6136 (टाटा इंडिगो) और JH01S-1731 (महिंद्रा बोलेरो) की नीलामी 22 जनवरी 2021 को प्रकाशित सूचना के आधार पर की गई थी. नीलामी प्रक्रिया में चंदन कुमार ने उच्चतम बोली लगाई थी, जिसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी कर दोनों वाहन उन्हें सौंप दिए गए थे.
यह भी पढ़ें: रांची: 365वीं जगन्नाथपुर रथयात्रा की तैयारी को लेकर DC की समीक्षा बैठक, रथ मार्ग पर होगी विशेष बैरिकेडिंग

दोनों वाहनों की पूरी जिम्मेदारी खरीदार की होगी
निगम की ओर से 12 फरवरी 2021 को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि उसी दिन से दोनों वाहनों की पूरी जिम्मेदारी खरीदार की होगी और उन्हें अपने नाम पर वाहन का हस्तांतरण कराने को कहा गया था. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया था कि उक्त तिथि के बाद वाहनों पर निगम का कोई अधिकार या जवाबदेही नहीं होगी. इसके बावजूद, अब तक दोनों वाहनों का स्वामित्व हस्तांतरण नहीं कराया गया है, जिससे रिकॉर्ड में वाहन अब भी निगम के नाम पर दर्ज हैं. मामला तब और गंभीर हो गया जब वर्ष 2024 में महिंद्रा बोलेरो (JH01S-1731) दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उससे जुड़े एमएसीटी केस में निगम को पक्षकार बना दिया गया. निगम ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना में उसका कोई चालक शामिल नहीं था और घटना से उसका कोई संबंध नहीं है, क्योंकि वाहन पहले ही नीलाम कर खरीदार को सौंपा जा चुका था. निगम के अनुसार, स्वामित्व परिवर्तन को लेकर कई बार चंदन कुमार और संबंधित आरटीओ को पत्र भेजे गए, लेकिन खरीदार ने इस दिशा में कोई पहल नहीं की और जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया. पूर्व में 19 सितंबर 2025 को भी इस मामले में सन्हा दर्ज कराने का अनुरोध किया गया था.
यह भी पढ़ें: रांचीवासियों के लिए सुनहरा मौका: 30 जून तक होल्डिंग टैक्स जमा करें, पाएं 10% तक की छूट
