Technology News: Vivo ने बुधवार को भारत में अपनी T5 सीरीज का दूसरा स्मार्टफोन Vivo T5 Pro 5G लॉन्च कर दिया है. यह नया हैंडसेट इसी महीने बिक्री के लिए उपलब्ध होगा और इसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Flipkart और कंपनी के आधिकारिक ऑनलाइन स्टोर के जरिए खरीदा जा सकेगा. कंपनी ने इस स्मार्टफोन को दो कलर ऑप्शन Cosmic Black और Glacier Blue में पेश किया है. साथ ही यह फोन तीन अलग-अलग RAM और स्टोरेज वेरिएंट में उपलब्ध होगा.
कीमत और ऑफर्स
Vivo T5 Pro 5G की भारत में शुरुआती कीमत 29,999 रुपये रखी गई है, जिसमें 8GB RAM और 128GB स्टोरेज मिलता है. वहीं 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 33,999 रुपये है. टॉप वेरिएंट 12GB RAM और 256GB स्टोरेज के साथ 39,999 रुपये में उपलब्ध है.
ऑफर्स की बात करें तो HDFC, SBI और Axis Bank कार्ड पर 3,000 रुपये तक का इंस्टेंट डिस्काउंट मिल रहा है. इसके अलावा ग्राहक 6 महीने तक की नो-कॉस्ट EMI और 3,000 रुपये तक का एक्सचेंज बोनस भी ले सकते हैं.
यह स्मार्टफोन 21 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा.
डिस्प्ले और डिजाइन
Vivo T5 Pro 5G में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 5,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है. इसमें HDR10+ सपोर्ट, 2160Hz PWM डिमिंग और SGS लो ब्लू लाइट सर्टिफिकेशन भी मिलता है.
फोन IP68 और IP69 रेटिंग के साथ आता है, जिससे यह डस्ट और वाटर रेसिस्टेंट बनता है.
परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर
यह स्मार्टफोन Qualcomm के Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर से लैस है, जिसकी क्लॉक स्पीड 2.7GHz तक जाती है. कंपनी के अनुसार, इसने AnTuTu बेंचमार्क पर 11.8 लाख से ज्यादा का स्कोर हासिल किया है.
फोन में बेहतर कूलिंग के लिए 7000 sq mm एरिया वाला VC कूलिंग सिस्टम दिया गया है. यह डिवाइस Android 16 बेस्ड ColorOS 16 पर काम करता है.
इसमें 12GB तक LPDDR4x RAM और 256GB तक स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है.
कैमरा सेटअप
फोटोग्राफी के लिए Vivo T5 Pro 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें 50MP का Sony IMX882 प्राइमरी सेंसर मिलता है, जो OIS और 10x लॉसलेस जूम सपोर्ट करता है.
इसके साथ 2 मेगापिक्सल का बोकेह कैमरा दिया गया है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है.
फोन से फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है.
बैटरी और कनेक्टिविटी
इस स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 9020mAh की बड़ी सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है, जो 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है.
कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, 4G LTE, Wi-Fi 6, Bluetooth 5.2, GPS और USB Type-C पोर्ट दिया गया है.
फोन की मोटाई 8.25mm है और इसका वजन करीब 213 ग्राम है.
यह भी पढ़ें: 7000mAh बैटरी के साथ Realme Narzo 100 Lite 5G लॉन्च, कीमत जानकर चौंक जाएंगे
