Palamu: मेरा बेटा चंद्रबोस कुमार रवि पिछले तीन साल से लापता है. मैंने अपनी सारी जिंदगी उसे पालने में लगा दी. अब बुढ़ापे में वह मेरा इकलौता सहारा था. साहब, मेरे बेटे को ढूंढ दीजिए, नहीं तो मैं जी नहीं पाऊंगी.” यह दर्दभरी दास्तान चैनपुर प्रखंड के नरसिंहपुर पथरा गांव की रहने वाली लाचार, असहाय और विधवा बुजुर्ग महिला सुंदरकली देवी की है, जो अपने लापता बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए पिछले तीन वर्षों से दिन-रात आंसू बहा रही हैं और दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं.
2023 से लापता है बेटा
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम एवं पोस्ट नरसिंहपुर पथरा निवासी स्वर्गीय नथुनी राम की पत्नी सुंदरकली देवी का 35 वर्षीय पुत्र चंद्रबोस कुमार रवि वर्ष 2023 से अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता है. बेटे के अचानक गायब हो जाने के बाद से मां के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. बुजुर्ग मां ने अपने स्तर पर समाज, रिश्तेदारों, सगे-संबंधियों और हर उस संभावित जगह पर तलाश की, जहां उसके बेटे के होने की थोड़ी भी उम्मीद थी. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद चंद्रबोस का कोई सुराग नहीं मिल सका.
Also Read: NEET-UG से पहले Telegram पर बैन के फैसले को चुनौती, दिल्ली हाईकोर्ट पहुंची कंपनी
थाने पहुंची बेबस मां
थक-हारकर इस बेबस विधवा मां ने एक बार फिर चैनपुर थाना प्रभारी की चौखट पर दस्तक दी है. मां ने थाने में लिखित आवेदन देकर सनहा दर्ज कराया है और पुलिस प्रशासन से अपने जिगर के टुकड़े को तलाशने की भावुक अपील की है. सांवले रंग के चंद्रबोस की तलाश के लिए बुजुर्ग मां ने पुलिस को उसकी तस्वीर और आधार कार्ड समेत आवश्यक दस्तावेज भी सौंपे हैं.
ग्रामीणों ने भी की मदद की मांग
थाने पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि सुंदरकली देवी अत्यंत गरीब और बेसहारा महिला हैं. पति के निधन के बाद बेटे चंद्रबोस के सहारे ही वह अपना जीवनयापन कर रही थीं, लेकिन उसके लापता होने के बाद से उनका रो-रोकर बुरा हाल है. पीड़ित बुजुर्ग मां ने रुंधे गले से कहा कि अब उनके जीवन का अंतिम सहारा केवल पुलिस और कानून ही है.
उन्होंने चैनपुर थाना पुलिस से हाथ जोड़कर निवेदन किया है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित और ठोस खोजबीन शुरू की जाए, ताकि एक मां को उसका खोया हुआ बेटा वापस मिल सके. स्थानीय ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से इस गरीब परिवार की मदद करने और लापता युवक को सकुशल बरामद करने की मांग की है.



