Ranchi: झारखंड के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. कहीं तापमान में बढ़ोतरी हो रही है तो कहीं दोपहर बाद तेज आंधी और बारिश लोगों को राहत दे रही है. मौसम विभाग ने 20 मई को बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है. इसे देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं राजधानी रांची समेत हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं.

21 और 22 मई को लू के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 21 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में लू चलने की आशंका है. वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में दिन के समय तेज धूप रहेगी, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदल सकता है. कई जिलों में बादल छाने, तेज हवा चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. 22 मई को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने के संकेत हैं.
Read Also: हजारीबाग में सड़कों पर बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या पर लगाम की पहल, नसबंदी अभियान जारी
23 मई को फिर तेज आंधी और बारिश का अलर्ट
23 मई को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज में दोपहर बाद 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, वज्रपात और बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा पलामू, गढ़वा और अन्य जिलों में भी तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है. विभाग ने राज्य के सभी जिलों में 25 मई तक आंधी-बारिश और मेघ गर्जन को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
रांची समेत कई जिलों में बढ़ा तापमान
बीते 24 घंटों में रांची के अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं मेदिनीनगर के तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दूसरी ओर सरायकेला में सात मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि खूंटी और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चलीं.
