Hazaribagh: शहर में स्ट्रीट डॉग की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने और पशु कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सामाजिक संस्था द्वारा चलाया जा रहा फीमेल स्ट्रीट डॉग नसबंदी अभियान लगातार जारी है. इस अभियान के तहत दूसरे चरण में चिन्हित मादा कुत्तों में से आठवीं फीमेल स्ट्रीट डॉग का सफलतापूर्वक बंध्याकरण किया गया.

पशु चिकित्सालय में डॉ. स्मृति के नेतृत्व में ऑपरेशन किया गया, जिसमें डॉ. मजहरूल हसन ने भी सहयोग दिया। संस्था के प्रतिनिधि राजीव शरण, आर्यन और आर्या सहित अन्य सदस्य पूरी प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहे. संस्था के सदस्यों ने बताया कि समूह अपने स्तर पर सदस्यों के सहयोग से राशि एकत्र कर इस अभियान को आगे बढ़ा रहा है. इसी प्रयास के तहत इस सप्ताह भी एक और मादा स्ट्रीट डॉग का सफल बंध्याकरण कराया जा सका.
संस्था ने क्या कहा…
संस्था के अनुसार, अब तक कुल 15 मादा स्ट्रीट डॉग का बंध्याकरण कराया जा चुका है. इनमें पहले चरण में सात और दूसरे चरण में अब तक आठ कुत्तों का ऑपरेशन शामिल है. कहा कि भविष्य में अभियान का दायरा और बढ़ाने की योजना है.
हालांकि, इसके लिए नगर निगम से आवश्यक सहयोग और सुविधाओं की जरूरत होगी. उन्होंने यह भी कहा कि पशु चिकित्सालय में बंध्याकरण से संबंधित दवाओं और अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी स्पष्ट रूप से महसूस की जा रही है. संस्था का मानना है कि इस तरह के अभियान न केवल स्ट्रीट डॉग की अनियंत्रित संख्या को कम करने में मदद करेंगे, बल्कि पशु संरक्षण और मानव-पशु सहअस्तित्व को भी मजबूत बनाएंगे.
