Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार पिकअप वैन ने आंगन में बैठे लोगों को रौंदा, तीन की मौत

Bakaro: हजारीबाग जिले की सीमा पर विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलूजारा (नरकी) गांव में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाला...

Bakaro: हजारीबाग जिले की सीमा पर विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलूजारा (नरकी) गांव में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. बोकारो जिला अंतर्गत ऊपरघाट के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोनियाटो पंचायत स्थित कोसी गांव निवासी तीन लोगों की मौत उस समय हो गई, जब रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो पिकअप वैन सड़क छोड़कर सीधे शादी वाले घर के आंगन में घुस गई और वहां बैठे लोगों को रौंद डाला.

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार की दो महिलाओं और एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि पिकअप वैन लोगों को कुचलते हुए सीधे घर की दीवार से जा टकराई, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.

शादी में शामिल होने पहुंचे थे परिजन

घटना के संबंध में बताया जाता है कि बोकारो जिले के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कौंसी (गोनियाटो) निवासी मोहन किस्कू का परिवार शुक्रवार शाम करीब चार बजे कैलूजारा निवासी किशोर बेसरा के घर आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचा था. रात लगभग नौ बजे परिवार के सदस्य और रिश्तेदार शादी वाले घर के आंगन में बैठे हुए थे.

Also Read: BJP की वाशिंग मशीन में धुल गए क्या मधु कोड़ा? बिना पार्टी के सदस्य बने कर रहे हैं अध्यक्ष का स्वागत, कार्यकर्ता बोल रहे ‘हे राम’!

चालक ने खो दिया वाहन से नियंत्रण

इसी बीच नरकी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप वैन (संख्या JH02BD 5775) के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. लापरवाही से चलाई जा रही गाड़ी सड़क से उतरकर सीधे आंगन में घुस गई, जिसकी चपेट में आने से मोहन किस्कू की पत्नी मूर्ति देवी (35 वर्ष), राकेश किस्कू की पत्नी दशमी देवी (33 वर्ष) और उनकी तीन वर्षीय पुत्री अलीना कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में कुल छह लोग वाहन की चपेट में आए थे, जिनमें से तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में कौंसी निवासी राकेश किस्कू, कान्ति देवी और डेगागड्ढा (पोखरिया) निवासी उषा देवी शामिल हैं. स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

चालक के खिलाफ मामला दर्ज

घटना के बाद मृतका मूर्ति देवी के पति मोहन किस्कू ने विष्णुगढ़ थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपी चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन

मृतकों के परिजन शवों को विष्णुगढ़ थाना से अपने घर नहीं ले जा रहे हैं. परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि तीनों मृतकों के परिजनों को छह लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए. समाचार लिखे जाने तक परिजन शवों को थाना परिसर में छोड़कर मुआवजे की मांग पर अड़े हुए थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *