Ranchi: जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को जिले के विभिन्न अंचल और प्रखंड कार्यालयों में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया. इस दौरान आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया. उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में राजस्व, प्रमाण पत्र, पेंशन, दाखिल-खारिज और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े सैकड़ों मामलों का मौके पर निपटारा किया गया.
मांडर प्रखंड में राहत के मामले
जनता दरबार के दौरान मांडर प्रखंड में ग्राम कंजिया के सुल्तान अंसारी और सुचिता तिर्की को वृद्धा पेंशन की स्वीकृति दी गई. वहीं ग्राम बंझिला के खादी उरांव को आवासीय प्रमाण पत्र दिया गया.
सोनाहातु और अन्य क्षेत्रों में समाधान
सोनाहातु अंचल में ग्राम जिलिंगसेरेन के संतोष लोहरा को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र दिया गया. वहीं ग्राम कोन्दा की करमी देवी के पंजी-2 में सुधार कर लगान रसीद जारी की गई.
अनगड़ा और मांडर में भूमि मामलों का निपटारा
अनगड़ा अंचल में भूमि से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान किया गया. सोमरा उरांव, धनेश्वर महतो और सुरेश विश्वकर्मा के ऑनलाइन पंजी-2 सुधार, प्लॉट संख्या दर्ज करने और अन्य भूमि विवाद से जुड़े आवेदनों का निपटारा किया गया. मांडर अंचल में प्रवीण कुमार को म्यूटेशन से संबंधित शुद्धि पत्र दिया गया, जबकि अजय उरांव के खाता संख्या में सुधार किया गया.
सबसे अधिक आवेदन बेड़ो में निपटे
प्रशासन के अनुसार बेड़ो अंचल में सबसे अधिक 253 आवेदन निपटाए गए. इसके अलावा नगड़ी में 206, रातू प्रखंड सह अंचल में 126, अनगड़ा में 120, बुढ़मू में 105, मांडर में 99, चान्हो में 93, हेहल में 69, सिल्ली में 61, खलारी में 57, राहे में 49 और ईटकी अंचल में 41 मामलों का समाधान किया गया.
पारदर्शी और समयबद्ध समाधान पर जोर
जनता दरबार में आवासीय, जाति, आय, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, पेंशन स्वीकृति, केसीसी सत्यापन और अन्य योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया गया. जिला प्रशासन ने कहा कि इस पहल से लोगों का भरोसा बढ़ रहा है और स्थानीय स्तर पर समस्याओं का जल्दी समाधान हो रहा है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी आवेदनों का समय पर और पारदर्शी तरीके से निपटारा सुनिश्चित करें.
