West-Singhbhum: बंदगांव प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है. 56-चक्रधरपुर (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा क्षेत्र के घाटी ऊपर क्षेत्र स्थित मतदान केंद्र संख्या-05 में मतदाता गणना प्रपत्र (Enumeration Form-EF) का वितरण और डिजिटाइजेशन निर्धारित समय सीमा के भीतर 100 प्रतिशत पूरा कर लिया गया.
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पूरा हुआ लक्ष्य
दुर्गम और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र होने के बावजूद निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम किया. BLO सुश्री सुलोचना देवी, वॉलंटियर श्री रामेश्वर साह गोंड और BLO सुपरवाइजर शेखर उरांव के संयुक्त प्रयासों से EF वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत सफलतापूर्वक पूरा हुआ.
उत्कृष्ट कार्य के लिए BLO और वॉलंटियर सम्मानित
इस उपलब्धि पर पोड़ाहाट SDO, चक्रधरपुर सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी(BDO) भीषम कुमार ने संबंधित BLO और वॉलंटियर को सम्मानित किया. उन्हें शॉल और मोमेंटो प्रदान कर उनके कार्य की सराहना की गई.
अधिकारियों ने टीमवर्क और प्रतिबद्धता को सराहा
इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बीच भी समय सीमा के अंदर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति कर्मियों की जिम्मेदारी, प्रतिबद्धता और बेहतर टीमवर्क का उदाहरण है. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
