Koderma: जिले के सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत गया-देवघर मुख्य मार्ग के नासरगंज मोड़ के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान नासरगंज ग्राम निवासी दिनेश मंडल की पत्नी आशा देवी के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
पूजा कर लौट रही थीं महिला
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को आशा देवी नासरगंज मोड़ की तरफ वट सावित्री की पूजा कर अपने दिव्यांग पति की लंबी उम्र की दुआ मांगकर पैदल अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक मोटरसाइकिल (JH 12S 6558) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. उक्त मोटरसाइकिल सिहास ग्राम निवासी अरुण प्रसाद यादव का 20 वर्षीय पुत्र ललन कुमार चला रहा था.

टक्कर इतनी तेज कि महिला गंभीर रूप से घायल हुईं
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई. दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल महिला को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया.
Also Read: झारखंड के सभी सिविल कोर्ट में अब ऑनलाइन भी होगी सुनवाई, आदेश जारी
नवादा ले जाने के दौरान रास्ते में मौत
सदर अस्पताल कोडरमा में भी डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च स्तरीय संस्थान के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन घायल महिला को इलाज के लिए बिहार के नवादा ले जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. नवादा जाने के क्रम में गोविंदपुर के पास ही महिला ने दम तोड़ दिया.
मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर हंगामा
इधर महिला की मौत के बाद आक्रोशित और गमगीन परिजनों व ग्रामीणों ने मृतका के शव को सतगावां थाना लाकर रखा और पुलिस को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई. काफी देर तक ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस के समझाने-बुझाने और उचित मुआवजा व कार्रवाई के आश्वासन पर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया गया. पुलिस दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना ले आई है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने पूरे नासरगंज गांव को झकझोर कर रख दिया है. परिजनों ने बताया कि आशा देवी के पति दिनेश मंडल लकवाग्रस्त हैं और बिस्तर पर हैं. घर की जिम्मेदारी संभाल रही महिला की इस तरह अचानक मौत हो जाने से परिवार के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है. मृत महिला अपने पीछे एक अविवाहित बेटी को छोड़ गई है. परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल बेहद गमगीन है.
