Palamu: पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय में रेलवे मंडल संसदीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने की। बैठक में पलामू संसदीय क्षेत्र, विशेषकर हुसैनाबाद अनुमंडल के रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा रेल सेवाओं को सुरक्षित, आधुनिक और सुगम बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई.बैठक में रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, सुरक्षा व्यवस्था, दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं, यात्री शेड तथा टिकट वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया. साथ ही क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल परियोजनाओं और जन-अपेक्षाओं से जुड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आग्रह रेलवे प्रशासन से किया गया.
‘जनहित के मुद्दों त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी’
सांसद विष्णु दयाल राम ने विभिन्न रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि बैठक में उठाए गए सभी जनहित के मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि किसी भी क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की मजबूत आधारशिला है. उन्होंने पलामू संसदीय क्षेत्र के सभी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया.

क्षेत्र में रेलवे विकास को नई गति मिलेगी
सांसद ने विश्वास जताया कि रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय से क्षेत्र में रेलवे विकास को नई गति मिलेगी और यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक तथा बेहतर यात्रा सुविधाएं मिलेंगी. बैठक में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीणा, मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक राजीव रंजन, विभिन्न क्षेत्रों के सांसद, समिति के सदस्य, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
ALSO READ : जामताड़ा : नारायणपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, शिक्षक सुभाष दत्ता गंभीर घायल


