Hazaribagh : हजारीबाग के कुम्हारटोली स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बालिका शिक्षा विभाग के निर्देशन में रक्षाबंधन उत्सव और स्वनिर्मित राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कक्षा षष्ठ से द्वादश तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रकार की आकर्षक राखियों का निर्माण किया.

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू ने छात्राओं को रक्षाबंधन की बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि इस तरह के रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन से विद्यार्थियों में कौशल विकास के साथ-साथ आत्मनिर्भरता और सृजनात्मक क्षमता का भी विकास होता है. राखी निर्माण प्रतियोगिता में बहनों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
भैया-बहनों और आचार्य जी को बांधी राखी
रक्षाबंधन उत्सव के दौरान छात्राओं ने विद्यालय में पढ़ने वाले भैया-बहनों और आचार्य जी को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र स्नेह और विश्वास का संदेश दिया. पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया. उन्होंने विद्यालय परिसर में लगाए गए वृक्षों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया. विद्यालय के प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू ने भी वृक्षों में राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया. कार्यक्रम में काजल कुमारी, संजू कच्छप दीदी सहित विद्यालय के आचार्य, दीदी और भैया-बहनें उपस्थित रहे. आयोजन ने विद्यार्थियों में भाई-बहन के रिश्ते के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और प्रेम की भावना को भी मजबूत किया.
Also Read : टेंडर घोटाला के आरोपी इंजीनियर संतोष कुमार की डिस्चार्ज याचिका ED कोर्ट से खारिज

