Hazaribagh: ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में आयोजित जनजातीय गौरव उत्सव का समापन समारोह आज सोमवार को होने वाला है. समापन समारोह में झारखंड के महामहिम राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम शाम चार बजे से पांच बजे तक आयोजित किया जाएगा. समारोह में जनजातीय कला, संस्कृति और स्थानीय उद्यमिता को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा.

शाम चार बजे ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर पहुंचेंगे राज्यपाल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल शाम चार बजे ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर पहुंचेंगे. यहां उनका स्वागत किया जाएगा. इसके बाद वे प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करेंगे. इस दौरान जनजातीय, महिला एवं स्थानीय उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों का अवलोकन करने के साथ उद्यमियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे. इसके बाद शाम 4:12 बजे राज्यपाल मंच पर पहुंचेंगे. राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के बाद मंचासीन अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान मेमेंटो और अंगवस्त्र प्रदान कर किया जाएगा. 4:24 बजे दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ होगा. इसके बाद जनजातीय कला, संस्कृति एवं उत्सव की प्रमुख उपलब्धियों की संक्षिप्त जानकारी दी जाएगी.
जनजातीय उद्यमियों के आठ समूहों को किया जाएगा सम्मानित
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला एवं जनजातीय उद्यमियों के आठ समूहों को सम्मानित किया जाएगा. शाम 4:40 बजे पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम संबोधित करेंगे. इसके बाद 4:50 बजे महामहिम राज्यपाल का उद्बोधन होगा. 4:52 बजे धन्यवाद ज्ञापन के बाद शाम पांच बजे राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन होगा. इसके बाद राज्यपाल का प्रस्थान होगा. समापन समारोह को लेकर आयोजन स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, स्थानीय उत्पादों और महिला उद्यमिता को प्रमुखता दिए जाने से आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है.
यह भी पढ़ें: बोकारो: अवैध कोयले से लदा ट्रेलर ग्रामीणों ने पकड़ा, वाहन खराब होने पर खुलासा

