News Wave Desk: दिल्ली-NCR में मंगलवार सुबह से हो रही तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. लगातार जारी भारी बारिश के कारण राजधानी और आसपास के इलाकों में कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है. सड़कों पर पानी जमा होने से यातायात प्रभावित हो गया है. कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी लाइन देखने को मिल रही है. सुबह के वक्त बारिश से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल और ऑफिस जाने वालों को हुई. रास्तों पर पानी जमा होने के से ट्रैफिक धीमा पड़ने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से ज्यादा समय लगा.

दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, राजधानी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, न्यू दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
गुरुग्राम में ऑफिस और स्कूलों के लिए WFH का निर्देश
बारिश के कारण गुरुग्राम में भी हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. सड़कों पर पानी जमा होने और यातायात प्रभावित होने के कारण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मंगलवार को कॉर्पोरेट कार्यालयों और सरकारी विभागों के कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने का निर्देश दिया है. साथ ही निजी शिक्षण संस्थानों को भी ऑनलाइन क्लासेस कराने की सलाह दी गई है. प्रशासन का मानना है कि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने से जलनिकासी, सफाई और राहत कार्यों को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी.
दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव
सोमवार की बारिश के बाद मंगलवार को भी राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या बनी रही. लुटियंस दिल्ली, मथुरा रोड, कनॉट प्लेस, भैरों मार्ग, आईटीओ, सदर बाजार, संगम विहार, जनकपुरी और जखीरा अंडरपास सहित कई स्थानों पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. सराय काले खां, द्वारका एक्सप्रेसवे और सेंट्रल दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर भी यातायात की रफ्तार प्रभावित रही. कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों को जाम में फंसना पड़ा.

