हजारीबाग से चोरी हुआ हाइवा गया में बरामद, फर्जी नंबर प्लेट के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Hazaribagh: पदमा ओपी क्षेत्र से चोरी हुए हाइवा को हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के गया जिले से बरामद...

Hazaribagh:  पदमा ओपी क्षेत्र से चोरी हुए हाइवा को हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के गया जिले से बरामद कर लिया. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी अभियुक्त रंजित कुमार उर्फ रामजीत कुमार (27) को रफीगंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. बरामद हाईवा पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे गया की ओर ले जाया जा रहा था. मामला बरही, पदमा ओपी थाना कांड संख्या 116/2026, 6 अप्रैल 2026 से संबंधित है. कांड में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4) और 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था.

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे एसपी हजारीबाग को सूचना मिली कि चोरी हुआ हाइवा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चौपारण के रास्ते गया, बिहार की ओर जा रहा है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पदमा ओपी प्रभारी पुअनि श्रवण कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया. पुलिस टीम तत्काल जीटी रोड होते हुए चौपारण पहुंची. वहां जानकारी मिली कि संदिग्ध हाईवा चौपारण से गया की ओर निकल चुका है. इसके बाद पुलिस ने गया जिले के आमस थाना प्रभारी से संपर्क कर हाईवा को रोकने में सहयोग मांगा.

आमस टोल प्लाजा पर पुलिस ने हाईवा को घेरा

आमस थाना पुलिस ने टोल प्लाजा पर चेकिंग शुरू की. इसी दौरान एक हाइवा को चेकिंग स्थल से कुछ दूरी पहले खड़ा कर उसका चालक भागता हुआ दिखाई दिया. थोड़ी देर बाद पदमा ओपी की पुलिस टीम भी आमस टोल प्लाजा पहुंची और हाइवा की जांच की. जांच में हाइवा का चेसिस नंबर घिसा हुआ पाया गया, जबकि उसका इंजन नंबर चोरी हुए हाइवा से मेल खा गया. वाहन पर JH10CJ-5636 नंबर की प्लेट लगी थी. जांच में यह नंबर हाइवा का नहीं, बल्कि एक कार का पाया गया. इसके बाद पुलिस नेहाइवाको जब्त कर लिया.

रफीगंज पुलिस के सहयोग से आरोपी गिरफ्तार

हाइवा बरामद होने के बाद पुलिस अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए रफीगंज थाना पहुंची. रफीगंज पुलिस के सहयोग से बलिगांव निवासी रंजित कुमार उर्फ रामजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ रफीगंज थाना में वर्ष 2019 और 2020 में बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं. इसके अलावा सासाराम मुफस्सिल थाना में वर्ष 2022 में धारा 392/411 भादवि के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है.

वास्तविक नंबर JH16F-7071, फर्जी नंबर JH10CJ-5636

वाहन का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर JH16F-7071 बताया गया है, जबकि उस पर कुटरचित नंबर JH10CJ-5636 लगाया गया था. छापामारी दल में पदमा ओपी प्रभारी पुअनि श्रवण कुमार, पुअनि राजेश कुमार हाजरा, पुअनि संदीप कुमार, पुअनि आलोक कुमार सोरेन तथा पदमा ओपी रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

ALSO READ: JMM कार्यकर्ताओं पर FIR नहीं हुई तो धरने पर बैठेंगे बाबूलाल मरांडी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *