Dumka: जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनीहाट में जरमुंडी से भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के आवास पर रह कर खाना बनाने वाले 30 वर्षीय युवक सोनू राउत का शव संदिग्ध परिस्थिति में पंखे से लटकता हुआ बरामद किया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

क्या है पूरा मामला?
मृतक सोनू राउत मूल रूप से देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र स्थित बमतलियाडीह गांव का निवासी था और बीते छह महीनों से विधायक के नोनीहाट स्थित आवास में रसोइए के रूप में काम कर रहा था. सोमवार की देर शाम उसका शव कमरे के पंखे से लटकता पाया गया. सूचना मिलने पर मृतक के परिजन विधायक के आवास पहुंचे. परिजनों का कहना है कि सोनू का शव पंखे से झूल रहा था और उसके शरीर से खून बह रहा था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है.
परिजनों ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मृतक की पत्नी शिल्पी कुमारी ने आरोप लगाया कि विधायक और उनके परिवार के सदस्यों ने सोनू की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया. सोनू के चाचा सुनील राउत के अनुसार, वह छह दिन पहले ही अपनी छुट्टी पूरी कर काम पर लौटा था. चाचा सुनील राउत के बयान के आधार पर पुलिस ने विधायक देवेंद्र कुंवर, उनके दामाद समेत परिवार के नौ सदस्यों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
विधायक और परिजनों का पक्ष
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने विधायक पक्ष से भी जानकारी ली. विधायक पक्ष का कहना है कि विधायक अपने दामाद के साथ कुछ दिनों से शहर से बाहर हैं और घर के अन्य सदस्यों को भी इस बात की जानकारी नहीं है कि युवक ने यह कदम कब और क्यों उठाया.
बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता की बिगड़ी तबीयत
सोमवार रात जैसे ही सोनू के पिता अनिल राउत को बेटे की मौत की खबर मिली, वे इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सके. दुखी होकर उन्होंने घर में कीटनाशक खाकर अपनी जान देने की कोशिश की. उन्हें तुरंत गंभीर हालत में देवघर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई
हंसडीहा थाना पुलिस ने मृतक के कमरे और घटनास्थल को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल दर्ज प्राथमिकी के आधार पर सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.
ALSO READ : दुमका में भाजपा विधायक के आवास पर रसोइए का पंखे से लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

