Ranchi: ग्रामीण महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने और आगे बढ़ाने में मदद देने के लिए रांची में जिला स्तरीय झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम शुरू किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने दीप जलाकर किया. उपायुक्त ने कहा कि इस कार्यक्रम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा. साथ ही गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पलायन कम करने में भी मदद मिलेगी.

तीन साल में 150 महिला उद्यमों का चयन
ग्रामीण विकास मंत्रालय की मंजूरी से चल रहे इस कार्यक्रम को JSLPS के सहयोग से IIM Calcutta Innovation Park लागू कर रहा है. अगले तीन वर्षों में 150 महिला-नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमों का चयन किया जाएगा. चयनित महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने और उसे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, मेंटरशिप, वित्तीय सहायता, तकनीकी मदद और बाजार से जोड़ने जैसी सुविधाएं दी जाएंगी. साथ ही उनके व्यवसाय को औपचारिक रूप देने में भी मदद की जाएगी.
रांची में बनेगा केंद्रीय हब, पांच स्पोक सेंटर
कार्यक्रम के तहत रांची में एक केंद्रीय हब और झारखंड के पांच क्षेत्रों में स्पोक सेंटर बनाए जाएंगे. इन केंद्रों के जरिए ग्रामीण महिला उद्यमियों को स्थानीय स्तर पर मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता मिल सकेगी.
महिलाओं ने बनाया ‘आदिवा’ ब्रांड का राखी
कार्यक्रम में इटकी और नगड़ी प्रखंड के एडचेरो गांव की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार ‘आदिवा’ ब्रांड की राखी का भी उद्घाटन किया गया. महिला सदस्यों ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को राखी बांधकर महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया.
AlsoRead:विधायक जयराम महतो पर पुलिस एसोसिएशन ने जताई नाराजगी, सदस्यता रद्द करने और माफी की मांग

